रिहाई के बाद दिपके अपने घर महाराष्ट्र रवाना, सौरभ-रांका करेंगे प्रेसवार्ता

 


नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की एहतियाती गिफ्तारी से रिहा होने के बाद कॉकरोज जनता पार्टी के नेता अभिजीत दिपके रविवार को वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल से मिलने गए। उनसे मुलाकात के बाद दिपके ने कहा कि उनकी दादी का देहांत हो गया है और इस कारण से अपने घर महाराष्ट्र लौट रहे हैं। रिहा हुए आशुतोष रांका और सौरभ दास दोपहर में पूरे घटनाक्रम पर पत्रकार वार्ता करेंगे। रिहाई के बाद सौरभ दास ने भी कहा कि वे प्रेसवार्ता कर आगे की रणनीति की जानकारी देंगे।

घटनाक्रम पर दिपके ने कहा, “पूरी दुनिया ने देखा कि क्या हुआ। ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा के लिए पूरी दिल्ली ठप्प हो गई। ज्ञानेश कुमार में ऐसी क्या बात है कि आपने कल लाखों लोगों को असुविधा में डालकर उनकी रक्षा की?”

कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व करने वाले अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास को कल दिल्ली एयरपोर्ट में विमान के अंदर से ही एहतियाती गिरफ्तारी की थी। रविवार को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट कोर्ट (एसईएम) अदालत में पेश किया गया, जहां उन्हें 50 हजार के बांड पर रिहा कर दिया।

दिल्ली पुलिस के अनुसार अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरभ दास को धारा 126/170 बीएनएसएस के तहत एहतियाती गिरफ्तारी के लिए 10 अक्टूबर (शनिवार) को गिरफ्तार किया गया था। सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए उन्हें 11 अक्टूबर (रविवार) को दिल्ली कैंट स्थित एसईएम न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, “शांति और अच्छे व्यवहार को बनाए रखने के लिए एक वर्ष की अवधि के लिए 50 हजार का जमानत बांड भरा गया और उन्हें एसईएम न्यायालय से रिहा कर दिया गया।”

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा