युवाओं का कल्याण और उनका भविष्य मोदी सरकार के लिए सबसे सर्वोपरि : चुग

 


नई दिल्ली, 23 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने पेपर लीक के दोषियों को जल्द से जल्द कठोर सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फैसले का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस संसद में बहस से बचने के लिए विघटनकारी ताकतों के साथ मिलीभगत कर रही है।

प्रधानमंत्री के इस स्पष्ट संकल्प — देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है — का स्वागत करते हुए चुग ने कहा कि पेपर लीक मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का फैसला दिखाता है कि मेहनती छात्रों का भविष्य चुराने वालों के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, प्रधानमंत्री ने साफ कर दिया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को तेज न्याय और कठोरतम सजा मिलेगी। पेपर लीक माफिया, शिक्षा के सौदागरों और उन्हें बचाने वालों के लिए नए भारत में कोई जगह नहीं है।

चुग ने याद दिलाया कि 2014 से पहले देश में न कोई राष्ट्रीय टेस्टिंग एजेंसी थी और न ही पेपर लीक के खिलाफ कोई कानून। मोदी सरकार ने 2017 में एनटीए बनाई, 2024 में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम लाई और डॉ. के. राधाकृष्णन समिति की सिफारिशों पर बायोमेट्रिक-फेस ऑथेंटिकेशन तथा सख्त एसओपी लागू किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के परीक्षा व्यवस्था चलाई और पेपर लीक माफिया को फलने-फूलने दिया।

आंकड़े गिनाते हुए चुग ने कहा कि कांग्रेस और उसके इंडी गठबंधन के दलों की सरकारों में कुल 69 पेपर लीक हुए — इनमें से 53 अकेले कांग्रेस राज में, जिनमें 15 राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के और 38 कांग्रेस शासित राज्यों के हैं।

यूपीए काल में एआईईई, एम्स प्रवेश परीक्षा, एसएससी सीजीएल, सीबीएसई 12वीं, रेलवे भर्ती और एलआईसी भर्ती जैसी बड़ी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए। उन्होंने बताया कि नीट मामले में जिस रवि अत्री का नाम सामने आया, वह 2011 में कांग्रेस राज में ही एम्स पेपर लीक में शामिल था। राज्यों की बात करें तो अकेले कांग्रेस शासित राजस्थान में रीट समेत 9 पेपर लीक हुए, पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार के 7 पेपर लीक हुए जिनमें कुख्यात एसएससी शिक्षक भर्ती घोटाला शामिल है, पंजाब में कांग्रेस राज में 2006 में मेडिकल प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक हुआ और झारखंड में जेएमएम सरकार में 2021 से अब तक 5 पेपर लीक हो चुके हैं।

चुग ने कहा, जिन्होंने युवाओं के भविष्य की यह लूट होने दी, वही आज छात्रों के लिए घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं।

राहुल गांधी की लगातार गुप्त विदेश यात्राओं पर सवाल उठाते हुए चुग ने कहा कि देश जानता है कि कांग्रेस सामाजिक अशांति भड़काने की तैयारी में जुटी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद से इसलिए भाग रहे हैं क्योंकि कांग्रेस को डर है कि नीट और छात्रों-युवाओं से जुड़े मुद्दों पर खुली बहस से पार्टी के छह दशकों का विश्वासघात, पाखंड और राजनीतिक शोषण बेनकाब हो जाएगा। चुग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है और वह संसद में छात्रों-युवाओं से जुड़े हर मुद्दे पर चर्चा के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा, दशकों तक कांग्रेस ने युवाओं से अवसर छीने, भ्रष्टाचार को संस्थागत बनाया और युवा भारतीयों की आकांक्षाओं को सिर्फ राजनीतिक नारा बनाकर रखा।

आज जब संसद उन्हें अपना रिकॉर्ड सामने रखने का मौका दे रही है, तो वे बहस की जगह हंगामा चुन रहे हैं क्योंकि वे जानते हैं कि सच उनके लिए राजनीतिक रूप से विनाशकारी है।

चुग ने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं के लिए नीयत को नतीजों में बदला है — रोजगार मेलों के जरिए 12 लाख से अधिक नियुक्ति पत्र, पीएम विकसित भारत रोजगार योजना में 1 लाख करोड़ रुपये के प्रावधान से 3.5 करोड़ रोजगार का लक्ष्य, पीएमकेवाई से 1.6 करोड़ युवाओं का कौशल प्रशिक्षण, पीएम-सेतू में 60,000 करोड़ रुपये , स्टार्टअप 350 से बढ़कर 2.2 लाख, मुद्रा से 12 करोड़ नए उद्यमी, विश्वविद्यालय 723 से बढ़कर 1,338, आईआईटी 16 से 23 और एम्स 8 से 23 हो गए हैं। बेरोजगारी दर 2017-18 के 6 प्रतिशत से घटकर 2025 में 3.1 प्रतिशत रह गई है और 2014-24 के दशक में 17 करोड़ रोजगार पैदा हुए, जबकि कांग्रेस के 2004-14 के दशक में सिर्फ 2.9 करोड़। उन्होंने कहा, यही फर्क है युवाओं के लिए काम करने वाली सरकार और उन्हें सिर्फ ठगने वाली पार्टी में।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी