छठ पूजा पर पोदनूर-रक्सौल और चेन्नई-बरौनी के बीच चलेंगी दो विशेष ट्रेनें
कोलकाता, 10 नवंबर (हि.स.)। छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से दो विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों के माध्यम से दक्षिण भारत से बिहार जाने और लौटने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
मंगलवार शाम रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 06195/06196 पोदनूर-रक्सौल-पोदनूर स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 06195 पोदनूर-रक्सौल स्पेशल 10 नवंबर को रात 20:20 बजे पोदनूर से रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 06196 रक्सौल-पोदनूर स्पेशल 14 नवंबर को दोपहर 14:30 बजे रक्सौल से प्रस्थान करेगी। दक्षिण पूर्व रेलवे के क्षेत्राधिकार में इस ट्रेन का ठहराव झारसुगुड़ा, राउरकेला, हटिया, रांची, मुरी और बोकारो स्टील सिटी में होगा।
इसी तरह, ट्रेन संख्या 06039/06040 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-बरौनी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल स्पेशल का भी परिचालन किया जाएगा। ट्रेन संख्या 06039 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-बरौनी स्पेशल 10 नवंबर को रात 23:50 बजे चेन्नई सेंट्रल से रवाना होगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 06040 बरौनी-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल स्पेशल 13 नवंबर को रात 21:00 बजे बरौनी से प्रस्थान करेगी। दक्षिण पूर्व रेलवे के क्षेत्राधिकार में इस ट्रेन का ठहराव बालेश्वर, खड़गपुर और अंडूल स्टेशनों पर होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता