गुजरात के सुरेंद्र नगर में केमिकल चोरी रैकेट का भंडाफोड़, चोटीला पीआई-पीएसआई समेत 4 पुलिसकर्मी सस्पेंड

 


सुरेंद्रनगर, 12 जून (हि.स.)। गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के चोटीला तालुका के नानी मोलडी गांव के पास चल रहे केमिकल चोरी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। गांधीनगर की स्टेट मॉनिटरिंग सेल (एसएमसी) द्वारा की गई छापेमारी में करीब 45.98 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए चोटीला के पुलिस इंस्पेक्टर(पीआई) और पुलिस सब इंस्पेक्टर

(पीएसआई) सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

एसएमएस को नानी मोलडी गांव के निकट स्थित पवनपुत्र राजस्थानी होटल परिसर में अवैध रूप से केमिकल गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने छापा मारकर 8,330 किलोग्राम केमिकल समेत कुल 45.98 लाख रुपये का माल जब्त किया। मामले में चुनीलाल तुलसीराम गावेती और आशीष कुमार यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह पूरा केमिकल चोरी नेटवर्क भूपतभाई पटगीर, हितेशभाई बचुभाई सोलंकी और भागीरथ खीचड़ द्वारा संचालित किया जा रहा था। इस खुलासे के बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया।

मामले में चोटीला पुलिस स्टेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने पर रेंज आईजी के निर्देश पर कड़ी कार्रवाई की गई। चोटीला पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर (पीआई) जयदीप सोलंकी और पुलिस सब इंस्पेक्टर (पीएसआई) जी.एन. कुलच्छर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा कॉन्स्टेबल नरेंद्रसिंह और दिलीपभाई मांजरिया को भी सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

एलसीबी में भी बड़े पैमाने पर फेरबदल

इस घटनाक्रम के बाद सुरेंद्रनगर लोकल क्राइम ब्रांच (एलसीबी) में भी व्यापक बदलाव किए गए हैं। एलसीबी के पीआई जे.जे. जाडेजा का तबादला कर उनकी जगह भावेशकुमार सिंगरेखिया को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं एलसीबी में कार्यरत पीएसआई जावेदखान पठाण को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में स्थानांतरित कर दिया गया है। इसके अलावा हेड कॉन्स्टेबल अस्लम मलिक, प्रवीण कोला, यशपालसिंह और अजयसिंह सहित कई कर्मचारियों का भी विभिन्न पुलिस थानों में तबादला किया गया है।

डीवाईएसपी पार्थ परमार ने बताया कि एसएमसी की कार्रवाई के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की लापरवाही सामने आने पर आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाए गए हैं। जिम्मेदार अधिकारियों को निलंबित किया गया है तथा एलसीबी स्टाफ में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है। एसएमसी की इस बड़ी कार्रवाई और उसके बाद पुलिस विभाग में हुए व्यापक फेरबदल ने पूरे जिले में चर्चा का विषय बना दिया है। अब सभी की नजर इस जांच में होने वाले आगे के खुलासों पर टिकी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे