कोलकाता में तसलीमा नसरीन के कार्यक्रम में हंगामा, कवि जय गोस्वामी को मंच पर बुलाने पर दर्शकों ने जताया विरोध

 


कोलकाता, 01 अगस्त (हि.स.)। बांग्लादेश की चर्चित लेखिका तसलीमा नसरीन के लगभग दो दशक बाद कोलकाता आगमन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान शनिवार शाम रवींद्र सदन में कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति पैदा हो गई। यह विवाद तब शुरू हुआ जब तसलीमा ने वरिष्ठ कवि जय गोस्वामी को मंच पर आने का आमंत्रण दिया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा नागरिक सम्मान दिए जाने के बाद तसलीमा नसरीन अपने संबोधन के लिए मंच पर पहुंचीं। भाषण शुरू करने से पहले उन्होंने दर्शक दीर्घा में बैठे कवि जय गोस्वामी को मंच पर आने का अनुरोध किया। जैसे ही जय गोस्वामी अपनी सीट से उठे, सभागार में मौजूद कुछ दर्शकों ने विरोध जताते हुए शोर-शराबा शुरू कर दिया।

दर्शकों के विरोध को देखते हुए जय गोस्वामी तुरंत वापस अपनी सीट पर बैठ गए। इस दौरान कुछ समय के लिए कार्यक्रम बाधित रहा और तसलीमा नसरीन भी अपना संबोधन रोककर माइक के सामने खड़ी रहीं। बाद में स्थिति सामान्य होने पर कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया।

दर्शकों के एक वर्ग की नाराजगी की वजह जय गोस्वामी का तसलीमा नसरीन के निर्वासन के मुद्दे पर वर्षों से रहा मौन रुख और राज्य की पूर्व राजनीतिक परिस्थितियों से जुड़ी उनकी निकटता को माना जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में आयोजकों या जय गोस्वामी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर