बंगाल में बदलाव जरूरी, डबल इंजन सरकार लाएं : नितिन नवीन

 


मालदा, 09 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य में बदलाव की अपील की। गुरुवार को ओल्ड मालदा में आयोजित पार्टी बैठक में उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।

नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि तृणमूल शासन में ‘मां, माटी, मानुष’—तीनों ही संकट में है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा खतरे में है, जमीन पर घुसपैठियों का कब्जा हो रहा है और लोग बेरोजगारी से जूझ रहे हैं।

राज्य के औद्योगिक हालात पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि एक समय का विकसित बंगाल अब उद्योगहीन हो गया है और युवाओं के पास रोजगार के अवसर नहीं है। लोगों की निर्भरता सिर्फ सरकारी भत्तों पर बढ़ गई है।

उन्होंने राज्य की कला, संस्कृति और खेल जगत को लेकर भी सरकार की आलोचना की और कहा कि तृणमूल के शासन में इन क्षेत्रों का विकास रुक गया है। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के नेतृत्व को मजबूत करने और राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित पश्चिम बंगाल के लिए भाजपा को सत्ता में लाना जरूरी है।इस बैठक को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे तृणमूल सरकार के खिलाफ जिलेभर में आंदोलन को और तेज करें।-------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार