चंद्रबाबू नायडू ने लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि कर विस्तारित सदन में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की वकालत की
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि कर विस्तारित सदन में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की वकालत की है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिल सकेगा और परिसीमन को लेकर दक्षिण भारतीय राज्यों में जताई जा रही आशंकाओं का भी समाधान हो सकता है। नायडू ने परिसीमन का विरोध कर रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी दलों से सवाल किया कि आखिर उनके पास महिला आरक्षण लागू करने का क्या विकल्प है?
नई दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नायडू ने कहा कि विपक्ष को यह स्पष्ट करना चाहिए कि दक्षिणी राज्यों के राजनीतिक हितों को प्रभावित किए बिना महिलाओं को उनका अधिकार कैसे दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा की मौजूदा सीटों पर ही 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने से पुरुषों के प्रतिनिधित्व को लेकर भी सवाल खड़े हो सकते हैं। ऐसे में कुल सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि कर महिला आरक्षण लागू करना एक बेहतर विकल्प हो सकता है। इससे महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के साथ विभिन्न क्षेत्रों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व में संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण का मुद्दा लंबे समय से लंबित है और अब इसे लागू करने का समय आ गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी राजनीतिक दलों से इस ऐतिहासिक पहल पर सहमति बनाने की अपील की।
राजनीतिक दल महिला आरक्षण पर स्पष्ट रुख अपनाएं
नायडू ने सभी राजनीतिक दलों से महिला आरक्षण के समर्थन में स्पष्ट और एकजुट रुख अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संसद में पहले इस मुद्दे पर आई बाधाओं और प्रक्रियागत देरी से सबक लेते हुए राजनीतिक दलों को पुरानी गलतियां नहीं दोहरानी चाहिए। महिलाओं की लंबे समय से चली आ रही जायज मांग को अब हकीकत में बदलने का अवसर है।
उन्होंने अपने करीब पांच दशक के राजनीतिक अनुभव और तीन दशक के सक्रिय सार्वजनिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं में अपने अधिकारों और राजनीतिक भागीदारी को लेकर जागरूकता लगातार बढ़ रही है। खासकर युवा पीढ़ी देश के निर्माण और निर्णय लेने की प्रक्रिया में बराबरी की हिस्सेदारी चाहती है। देश की लगभग आधी आबादी होने के नाते महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में समान अवसर और उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
महिलाएं राजनीतिक दलों पर बनाएं दबाव
मुख्यमंत्री ने देशभर की महिलाओं से भी महिला आरक्षण के समर्थन में आवाज बुलंद करने और राजनीतिक दलों तथा नेताओं पर इसे पारित कराने के लिए दबाव बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को इस प्रक्रिया में बाधा डालने या बहाने बनाने से बचना चाहिए। आज जनमत और सोशल मीडिया की सक्रियता के दौर में महिलाओं की आकांक्षाओं को नजरअंदाज करना आसान नहीं है।
शिक्षा और रोजगार में पहले भी दिया आरक्षण
नायडू ने महिला सशक्तीकरण के लिए अपने पुराने फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण की पहल की थी। राज्य सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) में भर्ती के दौरान भी महिलाओं को आरक्षण का लाभ दिया गया। उन्होंने महिला कंडक्टरों के प्रदर्शन का उदाहरण देते हुए कहा कि अवसर मिलने पर महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर सकती हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी केवल परिवार या समाज तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। नायडू ने सभी राजनीतिक दलों से दलगत मतभेदों से ऊपर उठकर महिला आरक्षण का समर्थन करने और इतिहास के सही पक्ष में खड़े होने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी