हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के चेयरमैन नंद लाल शर्मा का निधन
चंडीगढ़, 23 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) के चेयरमैन नंद लाल शर्मा का गुरुवार सुबह पंचकूला में निधन हो गया। शर्मा को ब्रेन स्ट्रॉक के चलते 19 जुलाई को पंचकूला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नंद लाल शर्मा ने दो फरवरी 2024 को हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला था। मूल रूप से हिमाचल प्रदेश निवासी नंदलाल शर्मा इससे पहले भारत सरकार के बिजली मंत्रालय के तहत आने वाली सेंट्रल पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग (एसजेवीएन) के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर के तौर पर छह साल से ज्यादा समय तक रहे।
उन्होंने 1989 में हिमाचल प्रदेश एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विस ऑफिसर के तौर पर अपना करियर शुरू किया और 2008 तक कई पदों पर काम किया। वह हिमाचल में सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट, सेक्रेटरी, हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड, लैंड एक्विजिशन कलेक्टर,कमिश्नर (वर्कमेन कंपनसेशन),डायरेक्टर (आयुर्वेद) और स्पेशल सेक्रेटरी (हेल्थ), हिमाचल प्रदेश सरकार में रहे। केंद्रीय ऊर्जामंत्री मनोहर लाल ने नंद लाल शर्मा के निधन पर गहरा शोक जताया है। मनोहर लाल ने कहा कि शर्मा ने एसजेवीएन के विकास और विस्तार में उल्लेखनीय योगदान दिया है। एचईआरसी के अध्यक्ष के रूप में विद्युत क्षेत्र में उनकी सेवाएं हमेशा याद की जाएंगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने नंद लाल शर्मा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने बेहद ऊर्जावान एवं दूरदर्शी सोच का अधिकारी खो दिया है। एचईआरसी बेहतर संचालन में उनका योगदान अहम रहा है। इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं शर्मा परिवार के साथ हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा