सचिन तेंदुलकर छत्तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंचे, सड़क मार्ग से दंतेवाड़ा हुए रवाना
जगदलपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। भारत रत्न एवं पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर बुधवार को परिवार के साथ छत्तीसगढ़ के जगदलपुर पहुंचे। यहां मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से दंतेवाड़ा के छिंदनार के लिए रवाना हाे गये, जहां आदिवासी बच्चों और खेल में रुचि रखने वाले बच्चों से वह मुलाकात करेंगे और साथ में क्रिकेट भी खेल सकते हैं।
दंतेवाड़ा के जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर ने बताया कि स्कूली बच्चों को सचिन तेंदुलकर के कार्यक्रम के लिए बस के माध्यम से लाया गया है। यहां मांदेशी फाउंडेशन और जिला प्रशासन का संयुक्त कार्यक्रम है। सचिन के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के लिहाज से भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे सुबह 9 बजे से छिंदनार पहुंच गए हैं।
सचिन प्राइवेट जेट से मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचे और मीडिया से बात करते कहा कि यहां पहुंचकर बहुत खुशी हाे रही है। दंतेवाड़ा में हमारा फाउंडेशन (सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन) और मांदेशी चैम्पियन संस्था के सहयोग से 50 स्कूलाें के मैदान काे विकसित किया जा रहा है। इससे 5 हजार बच्चाें काे इसका लाभ हाेगा। उन्हाेंने बच्चाें के साथ गेम खेलने की भी बात कही है। उन्होंने बच्चों के लिए खेलकूद को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
दंतेवाड़ा में सचिन तेंदुलकर का कुल 3 जगह कार्यक्रम तय था, लेकिन गीदम ऑडिटोरियम में शिक्षकों-बच्चों से मुलाकात और पनेड़ा क्रिकेट ग्राउंड का उद्घाटन दौरा रद्द हो गया है। सचिन के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी आने वाले थे, लेकिन किसी कारण से उनका प्रवास भी निरस्त हो गया है।
सचिन छिंदनार में बच्चों से सीधे बातचीत करेंगे। वे खेल प्रतिभाओं को देखेंगे और बच्चों को आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन देंगे। यहां छात्र-छात्राएं खो-खो, कबड्डी और वॉलीबॉल जैसे खेलों का प्रदर्शन करेंगे। इस दौरे की खास बात यह है कि सचिन केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि बच्चों के साथ मैदान में उतरकर क्रिकेट भी खेल सकते हैं। सचिन अपने परिवार के साथ आ रहे हैं, जिससे यह दौरा और खास बन जाएगा। इससे बच्चों को उनसे जुड़ने और प्रेरणा लेने का अच्छा मौका मिलेगा।
सचिन का एयरपोर्ट पर बस्तर संभाग कमिश्नर डोमन सिंह, बस्तर रेंज आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे