छत्तीसगढ़ के बीजापुर में आईईडी विस्फोट में एसटीएफ जवान घायल

 

बीजापुर, 23 फरवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के दक्षिण क्षेत्र में सोमवार को एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान प्रेशर आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का एक जवान घायल हो गया है।

बीजापुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम सोमवार को नियमित एरिया डॉमिनेशन अभियान पर निकली थी। बीजापुर जिले के दक्षिणी क्षेत्र के जंगल क्षेत्र में नक्सलियों की ओर से पहले से लगाए गए प्रेशर आईईडी पर पैर पड़ते ही अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में आने से एसटीएफ का एक जवान घायल हो गया। घायल जवान को अस्पताल में भर्ती किया गया है।

बीजापुर के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि जवान एरिया डॉमिनेशन ड्यूटी पर था। उन्होंने कहा कि सुरक्षा कारणों के चलते जवान की व्यक्तिगत पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की जा सकती है। घटना के तुरंत बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा