बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी का डिब्बा पटरी से उतरा, बड़ा हादसा टला
रायपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर बिलासपुर रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को शंकर नगर आरओबी के नीचे कोरबा की ओर जा रही एक खाली मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। घटना डाउन लाइन पर हुई, लेकिन ट्रेन की रफ्तार कम होने की वजह से बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के इंजीनियरिंग और तकनीकी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और वैगन को दोबारा पटरी पर लाने तथा ट्रैक बहाल करने का काम शुरू कर दिया। रेलवे प्रशासन की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे की वजह से ट्रैक पर परिचालन प्रभावित हुआ, लेकिन रेलवे की आपातकालीन और तकनीकी टीम ने तत्काल स्थिति को संभालने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। इस घटना से कुछ ट्रेनों की आवाजाही पर मामूली असर पड़ा है। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने सुरक्षा के मद्देनजर डाउन लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही को नियंत्रित किया। रेलवे का कहना है कि ट्रैक को जल्द सामान्य कर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह बहाल कर दी जाएगी।
अधिकारियों ने बताया है कि रेलवे ने घटना की तकनीकी जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर यह पता लगाया जा रहा है कि मालगाड़ी का डिब्बा किन कारणों से पटरी से उतरा। जांच में ट्रैक की स्थिति, डिब्बे की तकनीकी हालत और अन्य जरूरी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की असली वजह साफ हो पाएगी। यदि किसी तरह की लापरवाही या तकनीकी खामी सामने आती है तो उसके अनुसार आगे कार्रवाई की जाएगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा