(अपडेट) पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व निजी सहायक के.के. चंद्रवंशी के निवास पर ईडी का छापा

 




रायपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के भिलाई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व निजी सहायक के.के. चंद्रवंशी (चंद्राकर) के भिलाई-3 स्थित विश्व बैंकालोनी के निवास स्थान पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी ) ने मंगलवार सुबह छापा मारा ।

केंद्रीय सुरक्षा बलों के साथ 2- 3 गाड़ियों में पहुंचे 8 अधिकारियों की टीम सुबह करीब 6 बजे उनके आवास पर पहुंची। टीम दस्तावेजों की जांच कर रही है ।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई राज्य में हुए कथित छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में की जा रही है। ईडी की रायपुर जोनल टीम ने के.के. चंद्रवंशी के अलावा प्रदेश के कुल 7 अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। अधिकारियों द्वारा जरूरी फाइलों तथा इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बारीकी से जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2023 में ईडी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री बघेल के राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा और उनके दो ओएसडी के परिसरों पर तलाशी ली थी। उस समय कार्रवाई आनलाइन सट्टेबाजी और कथित मनी लाड्रिंग से जुड़ी जांच के संदर्भ में बताई गई थी।

वर्ष 2025 में शराब घोटाले की मनी लाड्रिंग जांच के सिलसिले में ईडी ने भिलाई स्थित भूपेश बघेल के आवास पर तलाशी ली। 18 जुलाई 2025 को हुई इस कार्रवाई के बाद उनके बेटे चैतन्य बघेल को ईडी ने गिरफ्तार किया था। एजेंसी ने कथित 2,100 करोड़ रुपये के शराब घोटाले से जुड़े मनी लांड्रिंग मामले में कार्रवाई की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा