केंद्रीय गृह सचिव ने जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया

 

जम्मू, 26 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन गुरुवार को जम्मू-कश्मीर की शीतकालीन राजधानी पहुंचे और उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, खुफिया ब्यूरो के निदेशक महेश दीक्षित, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के प्रमुख, जम्मू-कश्मीर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, सेना के अधिकारी और खुफिया एवं सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल थे उपस्थित थे।

वर्तमान सुरक्षा परिदृश्य के अलावा उपस्थित लोगों ने आतंकवाद विरोधी अभियानों, घुसपैठ के प्रयासों, खुफिया समन्वय, जम्मू क्षेत्र के पहाड़ी और वन क्षेत्रों में सक्रिय विदेशी आतंकवादियों के खात्मे और स्थानीय युवाओं को आतंकवादी समूहों में शामिल होने से रोकने के उपायों पर चर्चा की।

यह समीक्षा बैठक हाल ही में हुई आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि में आयोजित की गई थी, जिनमें किश्तवार जिले के दच्छन क्षेत्र में दो विशेष पुलिस अधिकारियों की हत्या और कुलगाम में हुई मुठभेड़ शामिल है, जिसमें लश्कर-ए-तैबा का एक ऑपरेटिव मोहम्मद लतीफ भट मारा गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह