ओडिशा के डाकघर बचत घोटाला मामले में फरार तत्कालीन शाखा डाकपाल गिरफ्तार
नई दिल्ली, 27 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने ओडिशा के बोंडा शाखा डाकघर में बचत जमा से जुड़े धोखाधड़ी और गबन के मामले में फरार चल रही तत्कालीन शाखा डाकपाल शब्दा स्वैन को गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने उसे गुरुवार को ओडिशा के बरगढ़ से पकड़ा। वह वर्ष 2015 में आरोप तय होने के बाद से फरार थी और उसके खिलाफ 2022 में गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था।
सीबीआई के अनुसार, शब्दा स्वैन वर्ष 2008 से 2014 के दौरान बोंडा डाकघर में शाखा डाकपाल के पद पर तैनात थी। इस दौरान उसने जमाकर्ताओं से प्राप्त 13,98,232 रुपये की राशि का कथित तौर पर गबन किया। आरोप है कि उसने जमा राशि को आधिकारिक अभिलेखों में दर्ज नहीं किया और पासबुक में फर्जी प्रविष्टियां कर जमाकर्ताओं को भ्रमित किया।
यह मामला सीबीआई के भ्रष्टाचार निरोधक शाखा, भुवनेश्वर में दर्ज किया था। जांच पूरी होने के बाद मामले में कार्रवाई आगे बढ़ी और आरोपी के खिलाफ 31 दिसंबर 2015 को आरोप तय किए गए। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रही थी। अदालत ने उसकी गिरफ्तारी के लिए वर्ष 2022 में गैर-जमानती वारंट भी जारी किया था।
सीबीआई ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान उसके बरगढ़ में होने की जानकारी मिली। जांच एजेंसी के मुताबिक, वह एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए बरगढ़ आई थी, जहां सीबीआई की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई उसे भुवनेश्वर की सक्षम अदालत में पेश कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर