शादी का झांसा देकर 14 महिलाओं के शोषण के आरोपित मोहम्मद माजिन का यूएई से प्रत्यर्पण
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। शादी का झांसा देकर महिलाओं के शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण करने का आरोपित मोहम्मद माजिन को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत लाया गया है। महाराष्ट्र पुलिस के वांछित आरोपित को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और महाराष्ट्र पुलिस के समन्वय से शुक्रवार को भारत वापस लाने की कार्रवाई पूरी की। आरोपित कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचा, जहां उसे महाराष्ट्र पुलिस की टीम को सौंप दिया गया।
सीबीआई के अनुसार, मोहम्मद माजिन महाराष्ट्र पुलिस में दर्ज एक मामले में वांछित था। उस पर एक महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने और उसका शारीरिक, मानसिक तथा आर्थिक शोषण करने का आरोप है। आरोप है कि मोहम्मद माजिन ने संबंधित महिला से 18 लाख रुपये भी ठगे थे। इस मामले में सक्षम अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया जा चुका है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित ने शादी का झांसा देकर 13 अन्य महिलाओं का भी इसी तरह शोषण किया। उसने उनसे पैसे लिए और उनके साथ अंतरंग संबंधों के वीडियो भी रिकॉर्ड किए। इसके बाद वह विदेश भाग गया।
महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई की ओर से इंटरपोल के माध्यम से आरोपित के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया गया था। इसके बाद उसकी लोकेशन का पता लगाकर यूएई के अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यूएई के अधिकारियों ने उसे भारत भेजने की अनुमति दी।
महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम आरोपित को लेने यूएई पहुंची थी। वहां उसे भारतीय टीम को सौंपा गया। इसके बाद टीम शुक्रवार को आरोपित के साथ कोच्चि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची।
सीबीआई ने वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों का भारत में वापस प्रत्यर्पण कराया है। इनमें वर्ष 2026 में अब तक 74 भगोड़े शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर