निवेश धोखाधड़ी का आरोपित राहुल शामराव फिजी से भारत लाया गया

 


नई दिल्ली, 30 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने निवेश धोखाधड़ी मामले में वांछित आरोपित राहुल शामराव कालोखे को फिजी से भारत प्रत्यर्पण किया है। कालोखे पर अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लोगों को ऊंचे मुनाफे का झांसा देकर निवेश कराने और निवेशकों की रकम का दुरुपयोग कर निजी लाभ उठाने का आरोप है।

सीबीआई ने बताया कि एजेंसी ने यह कार्रवाई विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से की। कालोखे पर आरोप है कि उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर लोगों को बड़े मुनाफे का झांसा देकर निवेश कराने के लिए प्रेरित किया। बड़ी संख्या में निवेशकों ने विभिन्न योजनाओं में रकम जमा कराई लेकिन आरोपित ने धनराशि का दुरुपयोग कर उसे निजी लाभ के लिए इस्तेमाल किया। अपराध के बाद वह जांच और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए फरार हो गया।

महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर सीबीआई ने इंटरपोल चैनलों के माध्यम से उसके खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया। इसके बाद आरोपित का लोकेशन फिजी में पता चला और वहां की पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित को भारत प्रत्यर्पित किया गया।

सीबीआई की एस्कॉर्ट टीम फिजी गई और आरोपित को लेकर गुरुवार को भारत लौटी। आरोपित अब भारतीय एजेंसियों की हिरासत में है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर