सीबीआई ने दिल्ली में उप-पंजीयक समेत दो को 80 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

 


नई दिल्ली, 18 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने दिल्ली के पंजाबी बाग, नांगलोई स्थित उप-पंजीयक नंद किशोर मीना और सुभाष गांधी नाम के एक शख्स को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप था कि उप-पंजीयक ने संपत्ति का गिफ्ट डीड दर्ज करने के लिए एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

सीबीआई ने शुक्रवार को जाल बिछाया और दोनों आरोपियों को शिकायतकर्ता से रिश्वत लेते समय पकड़ लिया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

सीबीआई ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तुरंत एजेंसी ने केस दर्ज किया और उसी दिन ट्रैप बिछाकर आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार उप-पंजीयक नंद किशोर मीना पंजाबी बाग, नांगलोई कार्यालय में तैनात थे। उनके साथ गिरफ्तार निजी व्यक्ति सुभाष गांधी पर भी रिश्वत लेने में सहयोग करने का आरोप है। सीबीआई ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एजेंसी ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर