बीआरओ फंड गबन मामले में सीबीआई ने सहायक अभियंता समेत तीन आरोपितों को किया गिरफ्तार
नई दिल्ली, 07 जुलाई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के धन के कथित गबन से जुड़े मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में लद्दाख में तैनात बीआरओ का एक सहायक अभियंता (सिविल) और कारगिल के दो श्रमिक आपूर्ति एजेंट शामिल हैं।
सीबीआई के अनुसार, गिरफ्तार सहायक अभियंता 81 रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी (आरसीसी), बीआरओ के तहत खात्से-बटालिक सेक्टर का प्रभारी अधिकारी था। आरोप है कि उसने दोनों श्रमिक आपूर्ति एजेंटों के साथ मिलकर अस्तित्वहीन श्रमिकों के नाम पर सरकारी धन का गबन किया। जांच में सामने आया कि फर्जी श्रमिकों के नाम पर निकाली गई राशि एजेंटों के माध्यम से सहायक अभियंता के खाते में जमा कराई गई।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने लद्दाख में बीआरओ की विभिन्न परियोजनाओं में धन के दुरुपयोग के आरोपों को लेकर चार प्राथमिकी दर्ज की हैं। इसी सिलसिले में रविवार को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में 26 स्थानों पर छापेमारी की गई थी। इसके बाद सोमवार को हिमाचल प्रदेश में भी एक अतिरिक्त तलाशी अभियान चलाया गया।
मामले में रक्षा मंत्रालय की शिकायतों के आधार पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत लोकसेवकों द्वारा आपराधिक कदाचार और रिश्वतखोरी के आरोपों के साथ-साथ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और जालसाजी के मामले दर्ज किए गए हैं।
सीबीआई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद लद्दाख की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। एजेंसी ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर