बंगाल हिंसा मामले में वांछित आरोपित गिरफ्तार
नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव बाद हुई हिंसा से जुड़े हत्या के मामले में फरार घोषित आरोपित गोपाल दास उर्फ विशाल पॉल को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई के मुताबिक आरोपित को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्थित रवींद्रनगर से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे कोलकाता की सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सीबीआई ने बताया कि गोपाल दास साल 2021 में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से फरार था और उसने जांच या सुनवाई में कभी हिस्सा नहीं लिया। उसकी गिरफ्तारी के लिए सीबीआई ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। एजेंसी ने मानव खुफिया सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया।
यह मामला कोलकाता के शीतलातला लेन में 2 मई, 2021 को अविजित सरकार की कथित हत्या से जुड़ा है। कलकत्ता हाई कोर्ट के 19 अगस्त, 2021 के आदेश के अनुपालन में सीबीआई ने 25 अगस्त, 2021 को नारकेलडांगा थाना कांड संख्या 124/2021 को अपने हाथ में लेकर मामला दर्ज किया था।
जांच पूरी करने के बाद सीबीआई ने 2021 और 2025 में कुल 38 आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र और पूरक आरोपपत्र दाखिल किए थे। इनमें गोपाल दास उर्फ विशाल पॉल के अलावा तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस विधायक परेश पाल तथा तत्कालीन टीएमसी पार्षद स्वपन समद्दार और पापिया घोष भी शामिल हैं। आरोपितों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
मामले की सुनवाई कोलकाता की सिटी सेशंस कोर्ट में चल रही है। सीबीआई के मुताबिक गिरफ्तार आरोपित गोपाल दास को मंगलवार को सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर