बैंक धोखाधड़ी मामले में 11 साल से फरार आरोपी को सीबीआई ने किया गिरफ्तार

 


चेन्नई, 17 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बैंक धोखाधड़ी मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी एम नागा कुमार उर्फ तमिल सेल्वन को चेन्नई से गिरफ्तार किया है। आरोपी 2015 से जांच के दौरान फरार था।

सीबीआई ने यह मामला 29 सितंबर 2015 को इंडियन बैंक, चेन्नई नॉर्थ ज़ोन की शिकायत पर दर्ज की थी। शिकायत में आरोप था कि के. राजेंद्रन (प्रोप्राइटर, श्री साई बाबा रियल एस्टेट्स एंड कंस्ट्रक्शंस), कुछ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और अन्य अज्ञात लोक सेवकों ने मिलकर बैंक को लगभग 4.66 करोड़ रुपये का चूना लगाया। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज जमा कर विभिन्न होम लोन हासिल किए। एम नागा कुमार भी इनमें से एक उधारकर्ता था।

सीबीआई ने 14 मार्च 2017 को इस मामले में 33 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। आरोपी नागा कुमार को पकड़ने के लिए सीबीआई ने उन्नत तकनीकी साधनों और व्यापक फील्ड ऑपरेशन का सहारा लिया। जांच में पता चला कि वह अपनी पत्नी के साथ चेन्नई में नई पहचान ‘तमिल सेल्वन’ के नाम से रह रहा था। सीबीआई ने गुप्त अभियान चलाकर उसकी पहचान की पुष्टि की और 16 मार्च 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को चेन्नई की सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर