सीबीआई ने धनबाद में एसबीआई से सवा करोड़ की धोखाधड़ी मामले में दो फरार आरोपियों को किया गिरफ्तार

 


नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 1.25 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी के मामले में फरार घोषित दो आरोपियों को गिरफ्तार रविवार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी बृजभूषण प्रसाद और करतार सिंह पर झारखंड के धनबाद की भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की मुख्य शाखा से नवंबर 2002 से जून 2005 के बीच 1,25,47,950 रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।

सीबीआई ने बताया कि दोनों आरोपी जांच के दौरान नेपाल भाग गए थे, जिसके बाद न्यायालय ने उन्हें भगोड़ा घोषित किया और उनके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किए गए। दोनों आरोपियों को रविवार को दो अलग-अलग कार्रवाइयों में गिरफ्तार किया गया। एजेंसी ने बताया कि बृजभूषण प्रसाद को महाराष्ट्र में अहमदनगर जिले के कोपरगांव से जबकि करतार सिंह को छत्तीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया गया।

एजेंसी ने बताया कि नवंबर 2002 से जून 2005 के बीच 1,25,47,950 रुपये की इस धोखाधड़ी के मामले में सीबीआई ने अगस्त 2005 के मामला दर्ज किया था। जांच के दौरान दोनों आरोपी देश छोड़कर नेपाल भागने में सफल रहे। इसके बाद एजेंसी ने इनके खिलाफ जांच जारी रखी और जानकारी देने वाले लोगों को 25-25 हजार रुपये इनाम देने का ऐलान किया। लगातार कोशिशों, तकनीकी इनपुट्स, बारीकी से छानबीन और एजेंसी की सम्मिलित कार्रवाई के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया गया।

सीबीआई ने कहा कि मामले की जांच जारी है। दोनों आरोपियों को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर