मेरठ छावनी परिषद के सदस्य सतीश शर्मा तीन लाख की घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

 


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मेरठ छावनी परिषद के नामित सदस्य सतीश कुमार शर्मा को तीन लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

सीबीआई ने शनिवार को एक बयान में बताया कि शुक्रवार को तीन लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायत में शिकायतकर्ता की ओर से आरोप लगाया गया कि शर्मा ने गांधी बाग, मेरठ छावनी में पार्किंग, कैंटीन और प्रवेश शुल्क से संबंधित टेंडर को सुचारु रूप से जारी रखने के लिए शिकायतकर्ता से तीन लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता की मां के नाम से संचालित निजी फर्म को यह टेंडर मिला हुआ था।

सीबीआई ने उसी दिन जाल बिछाकर शर्मा को शिकायतकर्ता से तीन लाख रुपये रिश्वत लेते समय रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी को गाजियाबाद की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर