आयोध्या छावनी बोर्ड के सहायक स्वच्छता निरीक्षक रिश्वत मामले में गिरफ्तार
नई दिल्ली, 01 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आयोध्या छावनी बोर्ड के सहायक स्वच्छता निरीक्षक को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने बताया कि 28 जुलाई को शिकायतकर्ता ने कुछ परिचितों को अनुबंध पर हाउसकीपिंग कार्य हेतु नियुक्त करने का अनुरोध किया था। इस पर आरोपी ने प्रति कर्मचारी 20 हजार रुपये रिश्वत की मांग की और कम से कम 20 कर्मचारियों के दस्तावेज 30 जुलाई तक जमा करने को कहा था। आरोपी ने धमकी दी थी कि यदि रिश्वत नहीं दी गई तो नियुक्ति नहीं होगी।
सीबीआई ने 30 जुलाई को जाल बिछाकर आरोपी को 60 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा। यह राशि पांच कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए तय दर 12 हजार रुपये प्रति कर्मचारी के हिसाब से दी जा रही थी।
आरोपी को उसी दिन गिरफ्तार कर 31 जुलाई को लखनऊ की सक्षम अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 13 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर