केन्द्रीय मंत्रिमंडल की विशेष बैठक, लोकसभा की सीटों में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी संभावित
नई दिल्ली, 27 नवंबर (हि.स.)। संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इसी को लेकर शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में सेवातीर्थ में विशेष केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक हुई।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में परिसीमन विधेयक को मंजूरी दी गई है। इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, विधेयक में सीटों के पुनर्निर्धारण के लिए साल 2011 की जनगणना को आधार बनाने का प्रावधान किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, प्रस्ताव का उद्देश्य परिसीमन के बाद किसी भी राज्य की राजनीतिक हिस्सेदारी कम होने की आशंका को दूर करना है। इसके साथ ही राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के मौजूदा अनुपात को वर्ष 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव भी किया जा सकता है।
इस प्रस्ताव को महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि इसके जरिए 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होगी। 3 दिसंबर को सत्रावसान होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी