केंद्र ने केरल का नाम बदलकर ‘केरलम्’ करने को दी मंजूरी
नई दिल्ली, 24 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार ने केरल राज्य का नाम बदलकर ‘केरलम्’ किए जाने को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत राज्य का नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में नए ‘सेवा तीर्थ’ में मंगलवार को आयोजित मंत्रिमंडल की प्रथम बैठक में इस आशय के प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी।
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले साल जून में राज्य सरकार ने राज्य का नाम ‘केरलम्’ किए जाने को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया था।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद अब इसे राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा। राष्ट्रपति इससे जुड़े विधेयक को आगे राज्य विधानसभा को उसका पक्ष जानने के लिए भेजेंगी। विधानसभा से उसका दृष्टिकोण मिलने के बाद इसे राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद संसद में पेश किया जाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा