(अपडेट) उन्नाव एक्सप्रेस-वे हादसे में दरोगा और कैदी समेत पांच लोगों की मौत, 15 घायल
पटना/सीवान/लखनऊ, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मंगलवार सुबह लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर डबल डेकर एसी बस पलटने से सीवान पुलिस लाइन में तैनात एक दरोगा और एक कैदी समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में तीन पुलिसकर्मियों सहित 15 लोग घायल हो गए हैं।
पुलिस के मुताबिक सीवान मंडल जेल में बंद हत्या के आरोपित कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर को पेशी के लिए पुलिस टीम गुरुग्राम कोर्ट लेकर गई थी। पेशी के बाद पुलिस टीम बस से वापस लौट रही थी। इसी दौरान मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे उन्नाव के पास लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। मृतकों की पहचान सीवान पुलिस लाइन में तैनात दरोगा रामचंद्र राम (59) तथा गुरुग्राम निवासी कैदी छत्तरपाल सिंह तोमर , गोरखपुर के सुरेश जायसवाल, विजेशी गुप्ता, विजय कुमार शामिल हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय पुलिस और राहत टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
सीवान एसपी ने की पुष्टि
सीवान के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पूरन कुमार झा ने बताया कि मंडल कारागार के कैदी को गुरुग्राम की एक अदालत में पेशी के लिए ले जाया गया था। वापसी के दौरान उन्नाव में बस हादसे में दरोगा और कैदी की मौत हो गई। अन्य घायल पुलिसकर्मियों के इलाज की व्यवस्था की जा रही है। उन्नाव जिला प्रशासन से घायलों के बेहतर इलाज के लिए संपर्क किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर ट्वीट कर हादसे पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा,उन्नाव में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों की मौत काफी दुखद है। मैं दिवंगत आत्माओं को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि पुण्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और घायलजनों को शीघ्र स्वस्थ करें।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी