(बजट) विकसित भारत का है ये बजट : रेखा गुप्ता

 


नई दिल्ली, 01 फ़रवरी (हि.स.)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने केंद्रीय बजट 2026–27 को विकसित भारत का बजट बताया है। मुख्यमंत्री ने इस बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट अवसरों का विस्तार करता है, विकास को गति देता है और आत्मनिर्भर, सशक्त भारत की नींव को और मजबूत करता है।

मुख्यमंत्री ने रविवार को केंद्रीय वित्तमंत्री के बजट भाषण को त्रिनगर में स्थानीय लोगों और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों के साथ सुना।

मुख्यमंत्री ने यहां पत्रकारों से कहा कि यह केंद्रीय बजट विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करता है। यह बजट तीन प्रमुख कर्तव्यों पर आधारित है, जिसमें आर्थिक विकास की गति तेज करना, देशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करना और संसाधनों तक सभी की समावेशी पहुंच सुनिश्चित करना शामिल है।

उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, युवाओं के लिए नए रोजगार सृजित करना और घरेलू निर्माण तथा मैन्युफैक्चरिंग को वैश्विक स्तर की शक्ति बनाना इस बजट के मुख्य स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि यह बजट स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नवाचार और विकास को भी प्रोत्साहित करता है।

मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि बजट में दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा और बुनियादी ढांचे के विकास के प्रति प्रतिबद्धता महानगरों की प्रगति को नई गति देंगे। मध्यम वर्ग के हितों की रक्षा करते हुए और भविष्य के विकास को बल देने वाला यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा।

इस अवसर पर विधायक तिलक राम गुप्ता, पार्षद अनीता जैन, जिला अध्यक्ष अजय खटाना उपस्थित रहे।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव