व्यापार समझौते के लिए भारत आएगी अमेरिकी टीम

 


नई दिल्ली, 27 मई (हि.स.)। पारस्परिक और परस्पर लाभकारी व्यापार संबंधित अंतरिम समझौते के लिए मुख्य वार्ताकार के नेतृत्व में अमेरिकी टीम 1 से 4 जून तक भारत दौरे पर आएगी।

वाणिज्य मंत्रालय ने आज इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार अंतरिम समझौते के विवरण को अंतिम रूप देने और बाजार पहुंच, गैर-टैरिफ उपाय, सीमा शुल्क और व्यापार सुविधा, निवेश प्रोत्साहन, आर्थिक सुरक्षा संरेखण जैसे कई क्षेत्रों पर व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के तहत बातचीत को आगे बढ़ाने का प्रस्ताव है।

उल्लेखनीय है कि भारत और अमेरिका ने 7 फरवरी को संयुक्त वक्तव्य जारी कर पारस्परिक और पारस्परिक रूप से लाभकारी व्यापार से संबंधित एक अंतरिम समझौते के ढांचे पर सहमति व्यक्त की थी। इस ढांचे ने व्यापक भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते की वार्ता के प्रति दोनों देशों की प्रतिबद्धता की पुष्टि की थी।

मंत्रालय के अनुसार इसी क्रम में भारतीय पक्ष ने 20 से 23 अप्रैल तक वाशिंगटन डी.सी. का दौरा किया और अपने अमेरिकी समकक्षों के साथ आमने-सामने बैठकें कीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा