चढ़ावा चोरी के पुख्ता सबूत दें राजनीतिक दल वरना चुनावी स्टंटबाजी से बचें: मायावती
लखनऊ, 07 जुलाई (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने अयोध्या के राममंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि जो भी राजनीतिक दल इस तरह के आरोप लगा रहे हैं, उनसे ट्रस्ट को पुख्ता सबूत मांगने चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि आरोपों के समर्थन में साक्ष्य नहीं दिए जाते हैं तो इसे केवल राजनीतिक स्टंट माना जाएगा। इसी मुद्दे से यह पार्टियां चुनाव में उतरना चाहती हैं।
बसपा प्रमुख मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा कि, अयोध्या में श्रीराम मन्दिर के बाद अब उत्तराखण्ड में भी बद्रीनाथधाम चढ़ावा में चोरी व गबन आदि होने का मामला सुर्ख़ियों में हैं। इन दोनों विख्यात धार्मिक स्थलों में इनके ट्रस्ट से जुड़े मुख्य प्रबन्धकों की सही से जांच होनी चाहिये।क्योंकि ऐसी आम चर्चा है कि निचले स्तर पर जो भी गड़बड़ी हुई है तो उसके लिए या तो मुख्य प्रबन्धकों की मिलीभगत है या फिर उनकी लापरवाही की वजह से यह सबकुछ हुआ है। अतः इस प्रकरण की अब सही से जांच जरूरी है। इस मामले में सरकार व एसआईटी को भी विशेष ध्यान देना है।
उन्होंने कहा कि राजनैतिक दल सपा, कांग्रेस व आम आदमी पार्टी आदि के जो वरिष्ठ नेता श्रीराम मन्दिर चढ़ावे में काफी मोटी रकम की चोरी व ग़बन आदि होने की बात कह रहे हैं, उनसे भी इसके पुख़्ता सबूत लेने चाहिये, ताकि कोई भी चोरी व गबनकर्ता बच ना सके वरना इसकी आड़ में इसे कोरी राजनीति ही माना जायेगा।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक