ब्रिक्स सुरक्षा सलाहकारों की बैठक से पहले ईरान और इथियोपिया के नेताओं से मिले अजीत डोभाल

 




नई दिल्ली, 22 जून (हि.स.)। ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों की बैठक में भाग लेने भारत आए ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उप सचिव घादिर नेजामी और अफ्रीकी देश इथियोपिया की राष्ट्रीय खुफिया और सुरक्षा सेवा के विश्लेषण विभाग के कार्यकारी निदेशक मिलियन लेमा तदेस्से से राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मुलाकात की।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर जानकारी दी कि एनएसए अजीत डोभाल ने 22 जून को ब्रिक्स राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की 16वीं बैठक के दौरान ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के उप सचिव घादिर नेजामीपुर से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। साथ ही ब्रिक्स मंच के तहत सहयोग और भारत‑ईरान द्विपक्षीय संबंधों पर भी विचार‑विमर्श किया।

भारत में ईरानी दूतावार से एक्स पोस्ट में बताया कि अपनी यात्रा के दौरान घादिर नेजामी विभिन्न विशेष सत्रों में भाग लेंगे और सहभागी देशों के अधिकारियों से मुलाकात कर सुरक्षा मुद्दों तथा बहुपक्षीय सहयोग पर विचार‑विमर्श करेंगे। बैठक में आतंकवाद, साइबर सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और बहुपक्षीय सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

एक अन्य पोस्ट में रणधीर जायसवाल ने बताया कि एनएसए अजीत डोभाल ने इथियोपिया की राष्ट्रीय खुफिया और सुरक्षा सेवा के विश्लेषण विभाग के कार्यकारी निदेशक मिलियन लेमा तदेस्से से भी मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों पक्षों ने भारत‑इथियोपिया रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने और सहयोग बढ़ाने के विभिन्न क्षेत्रों पर चर्चा की।

उल्लेखनीय है कि नई दिल्ली में 22 और 23 जून को ब्रिक्स देशों के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुखों की 16वीं बैठक आयोजित हो रही है। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की अध्यक्षता में होने वाली इस दो दिवसीय बैठक में साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आतंकवाद तथा अन्य गैर‑पारंपरिक सुरक्षा चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा हो सकती है। यह बैठक इसी साल सितंबर के महीने में होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का हिस्सा है, जिसमें ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका समेत विस्तारित ब्रिक्स सदस्य देश भाग लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर