ब्रिक्स आईसीटी ट्रैक 17 से 21 अगस्त तक पुणे में, डिजिटल नवाचार, साइबर सुरक्षा और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर मंथन
नई दिल्ली, 15 अगस्त (हि.स.)। भारत की इस साल की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत दूरसंचार विभाग 17 से 21 अगस्त तक पुणे में ब्रिक्स सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) ट्रैक का आयोजन करेगा। इस पांच दिवसीय आयोजन की थीम ‘लचीले भविष्य के लिए नवाचार, सहयोग और परिवर्तन’ रखी गई है। कार्यक्रम में ब्रिक्स सदस्य देशों के संचार मंत्री, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
केंद्रीय संचार मंत्रालय के अनुसार, ब्रिक्स आईसीटी ट्रैक का उद्देश्य सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सदस्य देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना तथा सुरक्षित, समावेशी और लचीले डिजिटल भविष्य के निर्माण की दिशा में साझा प्रयासों को आगे बढ़ाना है। इस दौरान डिजिटल नवाचार, साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, डिजिटल कौशल और स्टार्टअप समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।
पांच दिवसीय आईसीटी ट्रैक के दौरान तीन प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें 17 से 19 अगस्त तक ब्रिक्स आईसीटी सहयोग कार्य समूह की सातवीं बैठक, 20 अगस्त को डिजिटल ब्रिक्स फोरम एवं एक्सपो और 21 अगस्त को ब्रिक्स संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक शामिल है।
ब्रिक्स आईसीटी सहयोग कार्य समूह की सातवीं बैठक में सार्वभौमिक, सार्थक, किफायती, टिकाऊ और लचीली डिजिटल कनेक्टिविटी विकसित करने पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके अलावा विश्वसनीय, सुरक्षित और मानव-केंद्रित डिजिटल वातावरण, समावेशी विकास के लिए डिजिटल कौशल एवं क्षमता निर्माण तथा आईसीटी क्षेत्र में नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।
बैठक में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अगली पीढ़ी की संचार तकनीक, डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचा, साइबर सुरक्षा, बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा और डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र में सहयोग जैसे विषय भी प्रमुख एजेंडे में शामिल होंगे।
20 अगस्त को आयोजित होने वाला डिजिटल ब्रिक्स फोरम एवं एक्सपो उभरती डिजिटल तकनीकों और लचीले आईसीटी पारिस्थितिकी तंत्र में सहयोग को प्रदर्शित करने का मंच बनेगा। फोरम में साइबर सुरक्षा और भरोसेमंद आईसीटी, बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा तथा टिकाऊ एवं लचीले डिजिटल और आईसीटी पारिस्थितिकी तंत्र पर विषयगत परिचर्चाएं होंगी। एक्सपो में डिजिटल क्षेत्र में सहयोग और नवाचार से जुड़ी पहल प्रदर्शित की जाएंगी।
इसके बाद 21 अगस्त को ब्रिक्स संचार मंत्रियों की 12वीं बैठक होगी। भारत की ओर से केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया बैठक में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के मंत्री आईसीटी ट्रैक की प्राथमिकताओं पर चर्चा करेंगे और टिकाऊ एवं लचीले आईसीटी पारिस्थितिकी तंत्र, साइबर सुरक्षा एवं भरोसेमंद आईसीटी, डिजिटल कौशल एवं क्षमता निर्माण तथा नवाचार, स्टार्टअप एवं उद्यमिता के क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाने के उपायों पर विचार करेंगे।
ब्रिक्स में वर्तमान में ब्राजील, चीन, मिस्र, इथियोपिया, भारत, इंडोनेशिया, ईरान, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं। पुणे में आईसीटी ट्रैक की मेजबानी भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आयोजित होने वाली बैठकों की श्रृंखला का हिस्सा है।
दूरसंचार विभाग के मुताबिक, पुणे में इन तीन प्रमुख कार्यक्रमों की मेजबानी भारत की सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। साथ ही इसका उद्देश्य डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देना और तकनीक आधारित टिकाऊ एवं समावेशी विकास को गति देना है।
आयोजन के जरिए ब्रिक्स देशों के बीच डिजिटल क्षेत्र में अनुभव और विशेषज्ञता साझा करने, नई तकनीकों में सहयोग बढ़ाने तथा भविष्य की डिजिटल चुनौतियों से निपटने के लिए साझा रणनीति विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। सरकार का मानना है कि सुरक्षित और भरोसेमंद डिजिटल वातावरण के साथ डिजिटल कौशल, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देकर सदस्य देश समावेशी एवं टिकाऊ डिजिटल विकास की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर