(अपडेट) वियतनाम के राष्ट्रपति का गयाजी में मुख्यमंत्री ने किया स्वागत, महाबोधि मंदिर में की पूजा-अर्चना

 




गयाजी, 05 मई (हि.स.)। वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम मंगलवार को ज्ञान और मोक्ष की भूमि गयाजी पहुंचे। बोधगया अन्तर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रपति तो लाम 5 से 7 मई तक भारत दौरे पर हैं।

गयाजी एयरपोर्ट पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रोटोकॉल के तहत उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त लेकिन सौहार्दपूर्ण बातचीत भी हुई। स्वागत समारोह में बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन भी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने राष्ट्रपति का अभिनंदन किया और उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया।

एयरपोर्ट से राष्ट्रपति सड़क मार्ग से महाबोधि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बुद्ध के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। राष्ट्रपति ने कुछ समय ध्यान भी किया और बौद्ध परंपराओं के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की। उनके साथ वियतनाम का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।

राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर गयाजी जिला प्रशासन कई दिनों से तैयारी में जुटा हुआ था। एयरपोर्ट से लेकर महाबोधि मंदिर तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल, मजिस्ट्रेट और सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई थी। मंदिर में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं की सघन जांच की गई।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगरी गयाजी में राष्ट्रपति का आगमन अत्यंत महत्वपूर्ण है और यह भारत-वियतनाम संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति बोधगया के अन्य प्रमुख बौद्ध स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। उनके आगमन को देखते हुए शहर में साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन को दुरुस्त किया गया है, साथ ही विदेशी प्रतिनिधिमंडल के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी