केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का लिया जायजा, किसानों से नुकसान की ली जानकारी
-15 जिलों में 47.92 लाख लोग प्रभावित, फसल और सड़कों को भी नुकसान
पटना, 16 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ बिहार के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और किसानों तथा प्रभावित परिवारों से नुकसान की जानकारी ली। केंद्रीय टीम बाढ़ से हुए नुकसान का मौके पर आकलन कर रही है। राज्य के 15 जिलों के 87 प्रखंडों की 575 ग्राम पंचायतों में करीब 47.92 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय टीम का स्वागत किया। इसके बाद दोनों नेता वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के तेरसिया और सरायपुर समेत बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंचे। उन्होंने तेरसिया दियारा में बाढ़ की स्थिति का जमीनी जायजा लिया।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री का काफिला तेरसिया के वार्ड संख्या 14 तक पहुंचा। यहां प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें जलस्तर, प्रभावित आबादी तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी दी। दोनों नेताओं ने प्रभावित क्षेत्रों में जलभराव और बाढ़ से हुए नुकसान की स्थिति देखी।
दौरे के दौरान बाढ़ प्रभावित परिवारों और किसानों से उनकी समस्याओं तथा उन्हें मिल रही सरकारी सहायता के बारे में जानकारी ली जा रही है। किसानों से फसलों को हुए नुकसान के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। केंद्रीय टीम का उद्देश्य बाढ़ से हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति का मौके पर आकलन करना है।
राघोपुर के दियारा क्षेत्र में बाढ़ का पानी खेतों में फैल गया है। इससे खरीफ फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। केंद्रीय कृषि मंत्री के दौरे में फसल क्षति का आकलन प्रमुखता से शामिल है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों, आबादी और फसल नुकसान से संबंधित आंकड़े भी केंद्रीय टीम के समक्ष रखे जा रहे हैं।
बाढ़ से कई इलाकों में सड़कें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। बड़ी संख्या में परिवारों के घर प्रभावित हुए हैं, जबकि खेतों में पानी भरने से किसानों की फसलें खराब हुई हैं। ऐसे में प्रभावित लोगों की प्रमुख चिंता राहत, आवागमन और फसल क्षति की भरपाई को लेकर है।
केंद्रीय टीम के निरीक्षण के बाद बाढ़ से हुए नुकसान के आकलन और प्रभावित किसानों तथा परिवारों के लिए राहत एवं सहायता को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दौरे के अगले चरण में शिवराज सिंह चौहान पटना में उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इसके बाद वे भागलपुर, मुंगेर और कटिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी दौरा करेंगे। केंद्रीय टीम इन क्षेत्रों में बाढ़ से हुए नुकसान, राहत-बचाव कार्यों और फसल क्षति की स्थिति का जायजा लेगी।---------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी