राजद ने मनाया 29वां स्थापना दिवस, लालू यादव बोले- गरीब, वंचित और पिछड़ों की आवाज बनी रहेगी पार्टी

 


पटना, 01 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में अपना 29वां स्थापना दिवस उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की एकजुटता पर जोर दिया और कहा कि राजद हमेशा गरीबों, वंचितों, पिछड़ों तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की आवाज बनकर खड़ा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।

अपने संबोधन में लालू प्रसाद यादव ने कहा कि राजद ने हर दौर में चुनौतियों का सामना किया है और संघर्ष के बल पर अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि पार्टी आगे भी अपने सिद्धांतों और सामाजिक न्याय की विचारधारा से समझौता नहीं करेगी। उनका कहना था कि राजद का उद्देश्य समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा करना तथा उनके हितों के लिए निरंतर संघर्ष करना है।

स्थापना दिवस समारोह के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भी संगठनात्मक मजबूती पर बल दिया। आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ, पंचायत और गांव स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा की गई। नेताओं ने कहा कि मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता का आधार होता है और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी से ही पार्टी अपने लक्ष्य हासिल कर सकती है।

कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने राजद के लगभग तीन दशक के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने सामाजिक न्याय की राजनीति को नई दिशा देने का काम किया है और भविष्य में भी इसी विचारधारा के साथ आगे बढ़ेगी।

पटना स्थित राजद कार्यालय में आज सुबह से ही कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। कार्यालय परिसर को पार्टी के झंडों, बैनरों, पोस्टरों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया है। भीषण गर्मी को देखते हुए कार्यकर्ताओं की सुविधा के लिए 11 एयर कंडीशनर (एसी) और 15 कूलर लगाए गए हैं परिसर में ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दे रहे हैं, केक काटा गया और मिठाइयां बांटी गईं।

भरत तिवारी को लेकर भी हुई चर्चा

राजद स्थापना दिवस समारोह के दौरान भरत तिवारी एनकाउंटर का मुद्दा भी चर्चा में रहा। पार्टी कार्यालय पहुंचे छोटू छलिया ने कहा कि यदि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया था तो उन्हें गोली नहीं मारी जानी चाहिए थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार को जातिवाद के आधार पर बांटने की कोशिश की जा रही है। इस दौरान उन्होंने नाही चाली तोहरो तानाशाहिया, जागल बा बिहरिया... गीत भी प्रस्तुत किया।

राजद नेताओं ने बताया कि पटना में आयोजित स्थापना दिवस समारोह के बाद आगामी 5 जुलाई को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर भी स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी