'मन की बात' जनभागीदारी का सशक्त माध्यम, विकसित भारत के संकल्प को मिल रही नई ऊर्जा : नितिन नवीन

 


-बांकीपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं संग नितिन नवीन ने सुना ‘मन की बात’

पटना, 26 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के कदमकुआं मंडल स्थित बरनवाल भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देश के करोड़ों लोगों को एक साझा उद्देश्य से जोड़ने वाला सशक्त जन-आंदोलन बन चुका है, जो प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रभारी एवं विधान परिषद सदस्य संजय मयूख, विधान परिषद सदस्य तरुण कुमार, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी अमित प्रकाश बबलू, वार्ड पार्षद आशीष सिन्हा, मंडल अध्यक्ष अनिकेत कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इसके साथ ही उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं की उपलब्धियों, विज्ञान एवं अंतरिक्ष में भारत की प्रगति, ‘वोकल फॉर लोकल’, पारंपरिक हस्तशिल्प एवं खादी के संरक्षण, महिला सशक्तीकरण तथा जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण जैसे विभिन्न विषयों पर देशवासियों से संवाद किया।

कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों, स्थानीय प्रतिभाओं और जनभागीदारी से जुड़े प्रेरणादायी प्रयासों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इससे समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन मिला है।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री ने ‘कैच द रेन’ अभियान के माध्यम से जल संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया, उसी प्रकार इस बार खादी और हैंडलूम को बढ़ावा देने का उनका आह्वान देश के पारंपरिक उद्योगों और कारीगरों के लिए नई संभावनाएं लेकर आएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में खादी और हथकरघा भारत की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक मजबूत करेंगे।

नितिन नवीन ने कहा कि बिहार सरकार के 100 दिन पूरे हो चुके हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य में खादी, हथकरघा और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, जिससे स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि बांकीपुर के अपने परिवार, अभिभावकों और लोहानीपुर क्षेत्र के लोगों के बीच बैठकर ‘मन की बात’ सुनना उनके लिए भावनात्मक और सुखद अनुभव रहा, क्योंकि इसी क्षेत्र में उनका बचपन बीता है। उन्होंने कहा कि अपने पुराने क्षेत्र के लोगों के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए विशेष महत्व रखता है।

नितिन नवीन ने कहा कि आज भारत खेल, संस्कृति, विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना और युवाओं की ऊर्जा देश को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत का युवा ही देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माता बनेगा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त