बिहार विधान परिषद चुनाव में भाजपा को तीन सीटें, आठ में से पांच पर भूमिहार उम्मीदवारों की जीत या बढ़त

 


- भाजपा-जदयू गठबंधन के खाते में चार सीटें, राजद और जन सुराज को एक-एक पर सफलता- सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय राहुल राज विजयी, तिरहुत स्नातक सीट पर वंशीधर ब्रजवासी आगे

पटना, 28 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार विधान परिषद की चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन सीटों के चुनाव परिणाम की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। उपलब्ध नतीजों और रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को तीन, जनता दल यूनाइटेड (जदयू), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और जन सुराज को एक-एक सीट पर सफलता मिली है। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय राहुल राज ने जीत दर्ज की है, जबकि तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय वंशीधर ब्रजवासी बढ़त बनाए हुए हैं। इन चुनावों में जातीय समीकरण भी प्रमुखता से उभरे हैं। आठ सीटों में से पांच पर भूमिहार समाज के उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है या बढ़त बनाई है।

चुनाव परिणामों के अनुसार, सत्तारूढ़ भाजपा-जदयू गठबंधन के खाते में चार सीटें आई हैं। इनमें तीन भाजपा और एक जदयू को मिली है। वहीं, राजद और जन सुराज को एक-एक सीट पर सफलता मिली है। दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने प्रमुख दलों को चुनौती दी है।

भूमिहार समाज के पांच उम्मीदवारों को सफलता

जातीय आधार पर देखें तो आठ में से पांच सीटों पर भूमिहार समाज के उम्मीदवार विजयी हुए हैं या जीत की स्थिति में हैं। इनमें तिरहुत शिक्षक सीट से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह, पटना शिक्षक सीट से राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह, पटना स्नातक सीट से जदयू के नीरज कुमार, दरभंगा शिक्षक सीट से जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय और दरभंगा स्नातक सीट से भाजपा के सर्वेश कुमार शामिल हैं।

इसके अलावा कोसी स्नातक सीट से भाजपा के डॉ. एनके यादव ने जीत दर्ज की है, जो यादव समाज से आते हैं। सारण शिक्षक सीट से विजयी निर्दलीय राहुल राज राजपूत समाज से हैं, जबकि तिरहुत स्नातक सीट पर बढ़त बनाए हुए निर्दलीय वंशीधर ब्रजवासी मल्लाह (निषाद) समाज से आते हैं।

पटना शिक्षक सीट पर 30 साल बाद राजद की जीत

पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह ने भाजपा के नवल किशोर यादव को 1,057 मतों से हराया है। संजीव कुमार सिंह को 4,487 और नवल किशोर यादव को 3,430 मत प्राप्त हुए। इस जीत के साथ राजद ने करीब 30 साल बाद इस सीट पर सफलता हासिल की है।

तिरहुत शिक्षक सीट पर भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह विजयी

तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के नरेंद्र प्रसाद सिंह ने जीत दर्ज की है। उन्हें 2,945 मत मिले, जबकि निर्दलीय भूषण झा 2,351 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के संजय सिंह को 1,967 और जन सुराज के श्याम नंदन यादव को 1,335 मत प्राप्त हुए।

दरभंगा शिक्षक सीट से जन सुराज का खाता खुला

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जन सुराज के डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने जीत दर्ज की है। इसके साथ ही प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को बिहार विधान परिषद में पहली सफलता मिली है। सुरेश प्रसाद राय को 2,593 मत मिले, जबकि कांग्रेस के निवर्तमान विधान पार्षद डॉ. मदन मोहन झा को 2,269 मत प्राप्त हुए। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के रामदेव राय तीसरे स्थान पर रहे। जदयू और राजद के उम्मीदवार क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे।

सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय राहुल राज की जीत

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के बागी निर्दलीय उम्मीदवार राहुल राज ने जीत दर्ज की है। उन्हें 4,965 मत मिले, जबकि जदयू के आनंद पुष्कर को 3,150 मत प्राप्त हुए। जन सुराज के आफाक अहमद 2,454 मतों के साथ तीसरे और राजद के जयराम यादव 1,708 मतों के साथ चौथे स्थान पर रहे।

पटना स्नातक सीट पर जदयू के नीरज कुमार विजयी

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के नीरज कुमार ने राजद के दिलीप कुमार को नजदीकी मुकाबले में हराया है। जन सुराज के अनुज सिंह तीसरे और कांग्रेस के डॉ. असदुल्लाह खान चौथे स्थान पर रहे। मोकामा विधायक अनंत सिंह का समर्थन मिलने के बावजूद जन सुराज उम्मीदवार अनुज सिंह को सफलता नहीं मिली।

दरभंगा स्नातक सीट पर भाजपा के सर्वेश कुमार को बढ़त

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के सर्वेश कुमार लगातार दूसरी बार जीत की स्थिति में हैं। हालांकि, उनकी जीत की औपचारिक घोषणा होना बाकी है। इस सीट पर राजद के अनिल कुमार झा दूसरे स्थान पर रहे। कांग्रेस के रजनीकांत पाठक और जन सुराज के डॉ. मोहम्मद इम्तियाज नूरानी भी चुनाव मैदान में थे।

तिरहुत स्नातक सीट पर निर्दलीय वंशीधर ब्रजवासी आगे

तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में निर्दलीय वंशीधर ब्रजवासी बढ़त बनाए हुए हैं। उपलब्ध मतगणना आंकड़ों के अनुसार, उन्हें 25,257 मत मिले हैं, जबकि जदयू के अभिषेक झा 19,980 मतों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। राजद की डॉ. रश्मि गौतम को 14,977 और जन सुराज के डॉ. विमोहन कुमार को 2,341 मत प्राप्त हुए हैं।

कोसी स्नातक सीट पर भाजपा के डॉ. एनके यादव विजयी

कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के निवर्तमान विधान पार्षद डॉ. एनके यादव ने करीब 10 हजार मतों के अंतर से जीत दर्ज की है। राजद के नितेश कुमार यादव दूसरे और जन सुराज के रजनीश रंजन तीसरे स्थान पर रहे।

जदयू को चार में से केवल एक सीट पर सफलता

दलवार प्रदर्शन देखें तो भाजपा ने चार सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। इनमें तिरहुत शिक्षक और कोसी स्नातक सीट पर पार्टी ने जीत दर्ज की, जबकि दरभंगा स्नातक सीट पर उसका उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए है। पटना शिक्षक सीट पर भाजपा के नवल किशोर यादव को राजद के डॉ. संजीव कुमार सिंह से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, जदयू ने पटना, सारण, तिरहुत और दरभंगा की सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन उसे केवल पटना स्नातक सीट पर सफलता मिली।

दूसरी ओर, राजद ने पटना शिक्षक सीट पर जीत हासिल की, जबकि जन सुराज ने दरभंगा शिक्षक सीट जीतकर विधान परिषद में अपना खाता खोला। सारण शिक्षक सीट पर निर्दलीय राहुल राज की जीत और तिरहुत स्नातक सीट पर वंशीधर ब्रजवासी की बढ़त भी इन चुनावों के प्रमुख परिणामों में शामिल हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी