नीतीश कुमार के इस्तीफे पर ललन सिंह की भावुक प्रतिक्रिया, कहा-बिहार के विकास युग का हुआ समापन
पटना, 14 अप्रैल (हि.स.)। जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने मुख्यमंत्री पद से नीतीश कुमार के इस्तीफे को लेकर भावुक प्रतिक्रिया दिया है। उन्होंने कहा यह बिहार की विकास यात्रा के एक महत्वपूर्ण और भावनात्मक अध्याय का समापन है।
ललन सिंह ने अपने बयान में कहा कि नीतीश कुमार का इस्तीफा केवल एक पद का त्याग नहीं है, बल्कि यह वर्षों की तपस्या, समर्पण और जनसेवा के एक युग का विराम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नीतीश कुमार का नाम “नव बिहार के नव निर्माण के कुशल शिल्पकार” के रूप में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार ने ‘न्याय के साथ विकास’ के मूल मंत्र को अपनाते हुए बिहार में सुशासन की मिसाल पेश की और कानून के राज को मजबूत किया। उनके अनुसार, नीतीश कुमार ने हर वर्ग में सुरक्षा और विश्वास की भावना को स्थापित किया तथा राज्य को एक नई पहचान दी।
ललन सिंह ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार का नेतृत्व बिहार के विकास और सामाजिक एकता के लिए महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि उनका इस्तीफा एक भावनात्मक क्षण है, जिसने उन सभी लोगों को प्रभावित किया है जिन्होंने बिहार के इस परिवर्तन को देखा है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का योगदान केवल इतिहास तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी