नीतीश कुमार का 'सुशासन मॉडल' पूरे देश के लिए अनुकरणीय : उमेश सिंह कुशवाहा
पटना, 14 अप्रैल (हि.स.)। बिहार में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में नीतीश कुमार के ‘न्याय के साथ विकास’ के सिद्धांत पर आधारित बीस वर्षों के कार्यकाल को ऐतिहासिक और जनसमर्पित बताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार बिहार की जनता ने नीतीश कुमार को लंबे समय से अपने हृदय में स्थान दिया है, उसी तरह उन्होंने भी हर बिहारवासी को अपने दिल में बसाकर उनके उत्थान और कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया।
उन्होंने नीतीश कुमार को ‘युगपुरुष’ बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बिहार ने अराजकता, अव्यवस्था और पिछड़ेपन के दौर से निकलकर सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय के सशक्त मॉडल के रूप में पहचान बनाई है। आज बिहार में हर नागरिक को सम्मान, सुरक्षा और अवसर की नई दिशा मिली है।
उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने केवल सड़क, पुल और भवन जैसे भौतिक ढांचे का निर्माण नहीं किया, बल्कि बिहारवासियों के आत्मविश्वास को भी मजबूत किया और उनकी उम्मीदों को नई ऊंचाई दी। उनके दो दशकों के कार्यकाल में राज्य ने सुशासन के स्वर्णिम दौर का अनुभव किया है।
उन्होंने बताया कि इस दौरान कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए, जिनमें पंचायती राज और नगर निकायों में महिलाओं, अनुसूचित जाति-जनजाति और अति पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षण की व्यवस्था शामिल है, जो पूरे देश के लिए मिसाल बन चुकी है। साइकिल योजना और पोशाक योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं को अन्य राज्यों ने भी अपनाया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विश्वास का नाम हैं। उन्होंने बिहार में बदलाव की ऐसी कहानी लिखी है, जिसकी गूंज आने वाली पीढ़ियों तक सुनाई देगी।
अंत में उन्होंने कहा कि बदहाल बिहार को खुशहाल बिहार में बदलने में नीतीश कुमार का योगदान इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज रहेगा और उनका ‘सुशासन मॉडल’ न केवल बिहार बल्कि पूरे देश के लिए आज भी अनुकरणीय है और भविष्य में नीति-निर्माण का मार्गदर्शन करता रहेगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी