बिहार के मोतिहारी में बीते 06 दिनों में जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत

 

पटना, 07 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के मोतिहारी जिले में जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते छह दिनों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। सोमवार देर रात रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बालगंगा वार्ड नंबर 29 निवासी जितेंद्र शाह की मौत के साथ यह आंकड़ा और बढ़ गया।

जितेंद्र शाह की मौत ने उनके परिवार को पूरी तरह झकझोर दिया है। वह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और उनके निधन से उनकी पांच बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है।

मृतक की बेटी रानी कुमारी ने हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में आरोप लगाया कि 1 अप्रैल की रात पड़ोसी संजीत शाह ने उनके पिता को शराब पिलाई, जिसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और अंततः उनकी मौत हो गई। उन्होंने इसे आपसी दुश्मनी का मामला बताया है।

वहीं, पत्नी ललीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार यही कह रही हैं कि अब परिवार का पालन-पोषण कैसे होगा, क्योंकि घर में पांच बेटियां हैं और जितेंद्र ही एकमात्र कमाने वाले थे।

इस जहरीली शराब कांड में मौतों का सिलसिला 2 अप्रैल से शुरू हुआ था। 4 अप्रैल तक चंदू कुमार, प्रमोद कुमार, परीक्षण मांझी, हीरालाल भगत, लालकिशोर राय, संपत साह और लड्डू साह की मौत हो चुकी थी। इसके बाद 5 अप्रैल को मो. इलियास अंसारी, लड्डू साह (बालगंगा) और जोधा मांझी की मौत हुई। 6 अप्रैल की रात जितेंद्र शाह की मौत के साथ कुल मृतकों की संख्या 11 हो गई है।

प्रशासन को आशंका है कि मृतकों की संख्या अभी और बढ़ सकती है, क्योंकि करीब 15 लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से 6 लोगों की आंखों की रोशनी जाने की भी सूचना है, जो इस घटना की भयावहता को दर्शाता है।

पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने बताया कि इस मामले में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक चौकीदार भी शामिल है। सोमवार को दो आरोपितों ने अदालत में आत्मसमर्पण किया है। इन पर जहरीली स्प्रिट बेचने का आरोप है। पुलिस सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही है और अदालत के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी