बंगाल में भाजपा की बढ़त पर बिहार में उत्साह, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दी प्रतिक्रिया

 


पटना, 04 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिल रही बढ़त के बीच बिहार में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है। सोमवार सुबह से सामने आ रहे रुझानों ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भर दिया है। इस बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की संभावित सफलता पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संदेश में लिखा, “जहां पैदा हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी, वो बंगाल हमारा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐतिहासिक जनादेश देने के लिए बंगाल की जागरूक और राष्ट्रनिष्ठ जनता का हृदय से कोटि-कोटि अभिनंदन। भारत माता की जय।”

चुनाव आयोग के ताजा रुझानों के अनुसार, दोपहर 3 बजे तक भाजपा 192 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) 96 सीटों पर आगे चल रही है। 294 सीटों वाली पश्चिम बंगाल विधानसभा में ये आंकड़े भाजपा की निर्णायक बढ़त की ओर इशारा कर रहे हैं।

रुझानों से साफ है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में बंगाल की सियासत में बड़ा बदलाव संभव है और राज्य में “भगवा” का परचम लहराने की स्थिति बनती दिख रही है। इसी संदर्भ में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए यह संदेश साझा किया है, जो अब राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी