मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को दिया 50 लाख रुपये का पुरस्कार

 


पटना, 22 फ़रवरी (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित समारोह में अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप-2026 की विजेता भारतीय टीम के सदस्य वैभव सूर्यवंशी को 50 लाख रुपये का चेक और अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने वैभव सूर्यवंशी को बधाई देते हुए कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप-2026 में भारत की जीत में बिहार के इस युवा क्रिकेटर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि वैभव अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर भारतीय क्रिकेट की नई उम्मीद बनकर उभरे हैं। मुख्यमंत्री ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भविष्य में भारतीय टीम के लिए नए कीर्तिमान स्थापित करें और देश का नाम रोशन करें।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है कि बिहार के बेटे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने वैभव को बिहार के युवाओं के लिए प्रेरणा बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कराया जा रहा है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए सरकार उन्हें हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध करा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार आगे भी खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देती रहेगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविन्द्रण शंकरण, बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधि राकेश तिवारी सहित अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।

समारोह में वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी, भाई उज्ज्वल एवं आशीर्वाद सूर्यवंशी तथा अभिजीत डिसूजा भी उपस्थित रहे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी