बेंगलुरु पहुंचे सम्राट चौधरी और संजय सरावगी, ‘बिहार महोत्सव’ में होंगे शामिल
पटना, 03 सितंबर (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी गुरुवार को बेंगलुरु पहुंचे। दोनों यहां 'बिहार महोत्सव' कार्यक्रम में शामिल होंगे। हवाई अड्डे पर बड़ी संख्या में मौजूद बिहारवासियों ने मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। बिहार से दूर रह रहे प्रवासी बिहारियों ने अपने नेताओं के प्रति स्नेह और अपनत्व व्यक्त किया।
बेंगलुरु पहुंचने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री श्री गौशाला पहुंचे और वहां गौ सेवा की। उन्होंने गायों को फल खिलाए।
हवाई अड्डे पर हुए स्वागत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संजय सरावगी ने कहा कि बेंगलुरु में बिहार के लोगों से मिले स्नेह, सम्मान और अपनत्व से वह अभिभूत हैं। उन्होंने कहा कि बिहार से दूर रहकर भी अपनी माटी, संस्कृति और संस्कारों से जुड़े लोगों का यह स्नेह हृदय को छू गया। बिहार के लोग देश के जिस भी हिस्से में रहते हैं, अपनी मेहनत, प्रतिभा और संस्कारों के माध्यम से बिहार का नाम रोशन कर रहे हैं।
सरावगी ने कहा कि बेंगलुरु दौरे के दौरान वह मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ ‘बिहार महोत्सव-2026’ के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित होने वाले इस महोत्सव के माध्यम से बिहार की समृद्ध लोक परंपराओं, कला, संस्कृति और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार की संस्कृति उसकी सबसे बड़ी ताकत और पहचान है। लोकगीत, लोकनृत्य, हस्तशिल्प, पारंपरिक कला और लोक परंपराएं बिहार की गौरवशाली विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। ‘बिहार महोत्सव-2026’ के माध्यम से देश के दूसरे हिस्सों में रहने वाले लोगों को बिहार की सांस्कृतिक समृद्धि से परिचित होने का अवसर मिलेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह महोत्सव बिहार के गौरव, उसकी विरासत और सांस्कृतिक विविधता को देश के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। साथ ही, यह प्रवासी बिहारियों को अपनी जड़ों, अपनी माटी और अपनी संस्कृति से जोड़ने का भी सशक्त अवसर है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त