बक्सर में ट्रक से टकराई केरल के तीर्थयात्रियों की बस, 23 घायल
बक्सर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बिहार के गयाजी में पिंडदान की प्रक्रिया पूरी कर अयोध्या जा रहे केरल के तीर्थयात्रियों की एक बस सोमवार अलसुबह बक्सर में वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु पर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। हादसे में बस चालक समेत 23 यात्री घायल हो गए। घायलों को तत्काल बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। चालक रमेश स्वामी को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार केरल से करीब 27 यात्रियों का दल धार्मिक यात्रा पर निकला था। दल के सदस्य गयाजी पहुंचे थे, जहां उन्होंने पिंडदान की धार्मिक प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद सभी अयोध्या के लिए रवाना हुए। रात करीब 10 बजे बस गयाजी से चली थी। करीब तीन बजे बस बक्सर के वीर कुंवर सिंह गंगा सेतु से होकर उत्तर प्रदेश की ओर जा रही थी। इसी दौरान पुल पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से बस की सीधी भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में अफरातफरी की स्थिति बन गई। कई यात्री सीटों से टकराकर घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने भी राहत और बचाव में मदद की तथा पुलिस को सूचना दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे की वजह बस चालक को झपकी आना बताई जा रही है। रातभर सफर करने के दौरान चालक का नियंत्रण बस पर प्रभावित हुआ और बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
औद्योगिक थाना अध्यक्ष सोनू कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को बक्सर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। बस चालक रमेश स्वामी को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है। अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं, जिनका अस्पताल में उपचार कराया गया।
पुलिस के अनुसार मामूली रूप से घायल कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, कुछ यात्रियों ने आगे की यात्रा जारी रखने के लिए बक्सर स्टेशन का रुख किया और ट्रेन से अयोध्या के लिए रवाना हुए।
पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सड़क किनारे खड़े ट्रक की स्थिति और बस चालक के नियंत्रण खोने समेत अन्य बिंदुओं को भी जांच में शामिल किया गया है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी