शिक्षक दिवस पर पुराने स्कूल पहुंचे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा का किया अनावरण

 






पटना, 05 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को बिहार प्रवास के दूसरे दिन शिक्षक दिवस पर अपने पुराने विद्यालय ज्ञान निकेतन का दौरा किया। उन्होंने विद्यालय के बच्चों से मुलाकात की और पद्मश्री आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा का अनावरण किया।

नितिन नवीन ने कहा कि जिस विद्यालय से उन्होंने पहली शिक्षा प्राप्त की, शिक्षक दिवस के दिन उसी विद्यालय में कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए भावुक और विशेष अनुभव है। उन्होंने बताया कि आचार्य किशोर कुणाल ने जब ज्ञान निकेतन की परिकल्पना की थी, तब नेतरहाट के उपप्राचार्य जे.एन. डार विद्यालय के पहले प्राचार्य बने थे और उनके पहले बैच में उनका भी नामांकन हुआ था।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कंकड़बाग में शुरू हुआ ज्ञान निकेतन आज बिहार के अनेक युवाओं को शिक्षा देकर विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ा रहा है। आचार्य किशोर कुणाल की प्रतिमा की स्थापना उनके व्यक्तित्व और कृतित्व के प्रति सम्मान के साथ विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनेगी।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि विद्यार्थियों को आचार्य किशोर कुणाल के जीवन से प्रेरणा लेकर ऐसे अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता बनने का प्रयास करना चाहिए, जो समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलें और अपने कार्यों से लंबे समय तक याद किए जाएं। उन्होंने कहा कि वह आचार्य किशोर कुणाल का आशीर्वाद लेकर राजनीति में आए और एक शिष्य के रूप में उनसे उन्हें बहुत स्नेह और आशीर्वाद मिला।

कृष्ण महोत्सव में हुए शामिल

इसके बाद नितिन नवीन गांधी मैदान में आयोजित कृष्ण महोत्सव-2026 में शामिल हुए। उन्होंने राधा-कृष्ण और गोपियों की वेशभूषा में सजे बच्चों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। कार्यक्रम में बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव सहित कई नेता और आयोजक मौजूद रहे।

गांधी मैदान के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि बिहार प्रवास के दौरान उन्हें पटना में स्थानीय लोगों और परिवार के साथ जन्माष्टमी मनाने का अवसर मिला। नई पीढ़ी भजन-कीर्तन और अन्य माध्यमों से अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़ रही है। बिहार इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभाएगा।

उन्होंने पटना में जन्माष्टमी के भव्य आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह शहर में कृष्ण जन्मोत्सव मनाया जा रहा है, उससे भविष्य में पटना को भी मथुरा की तरह देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि बिहार की समृद्ध विरासत और संस्कृति को विभिन्न आयोजनों के माध्यम से आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

दही हांडी आयोजन की सराहना

नितिन नवीन ने कहा कि दशहरा कमेटी की ओर से हर वर्ष भव्य आयोजन किए जाते हैं और पिछले कुछ वर्षों से दही हांडी कार्यक्रम के माध्यम से नया प्रयास शुरू किया गया है। उन्होंने आयोजक कमेटी को बधाई देते हुए दही हांडी फोड़ने में शामिल युवाओं को शुभकामनाएं दीं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की ऊर्जा मेहनत और परिश्रम से आगे बढ़ती है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर सभी को कर्म को प्रधानता देते हुए मेहनत और परिश्रम के भरोसे आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने पटना के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विकास तथा बिहार के निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ने की कामना की।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त