जनता के विश्वास को और मजबूत करने के लिए कार्य करें पदाधिकारी : नितिन नवीन
पटना, 04 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बिहार प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्ययोजना को गति देने तथा कार्यकर्ताओं की भूमिका को प्रभावी बनाने को लेकर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा हुई।
इस अवसर पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया तथा बिहार सह प्रभारी दीपक प्रकाश भी उपस्थित रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका सशक्त संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला एक वैचारिक संगठन है। यही कारण है कि पार्टी ने देशभर में जनता का व्यापक विश्वास अर्जित किया है और निरंतर नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन से मिली जिम्मेदारी केवल एक पद नहीं बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति सेवा का अवसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना होगा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली सामूहिक नेतृत्व, संगठनात्मक अनुशासन और सतत जनसंपर्क पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारें तथा समाज के सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आने वाला समय संगठनात्मक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रत्येक पदाधिकारी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ करना होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सभी के भीतर आगे बढ़ाने की इच्छा होनी चाहिए तभी सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि पद आगे बढ़ने का एक प्लेटफार्म है और इसे ईमानदारी से निभाना चाहिए। उन्होंने प्रवास कार्यक्रम पर जोर दिया।
उन्होंने पदाधिकारियों से स्वभाव नहीं बदलने की नसीहत भी दी। कार्यकर्ताओं के साथ उत्साह पूर्वक व्यवहार रखने की बात करते हुए उन्होंने कहा कि अधिकृत कार्य ही करें और जितना हो सके नए लोगों को पार्टी से जोड़ें। उंन्होने संगठन में 10 से 15 प्रतिशत नए सदस्य बनाने के टास्क भी दिए।
उन्होंने शक्ति केंद्र स्तर को मजबूत करने और संगठन को लेकर निमित्त बैठक करने की भी बात कही। उन्होंने व्यक्तिवादी नहीं बनने की बात करते हुए कहा कि जिला की कोर कमेटी की प्रत्येक माह बैठक होनी चाहिए। 20 सूत्री कार्यकर्ताओं के बीच कार्य बांटने को कहा जिससे कार्यो का विभाजन हो सके।
बैठक में हाल ही में नियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए पार्टी नेतृत्व ने संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय तथा जनोन्मुखी बनाने पर विशेष बल दिया गया। इस दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, सदस्यता विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियानों तथा विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा सामर्थ्य उसका समर्पित संगठन और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे संगठन की विचारधारा और नीतियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ करें।
बैठक के दौरान संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियानों तथा आगामी राजनीतिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पदाधिकारियों के सुझाव भी सुने और उन्हें संगठन के हित में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त