बिहार: नालंदा जिले के माता शीतला मंदिर में भगदड़ से 8 लोगों की मौत; प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री ने जताया शोक
-पीएमएनआरएफ से 02 लाख, बिहार आपदा विभाग से 04 लाख, सीएमडीआरएफ से 02 लाख रुपये देने की घोषणा
बिहारशरीफ, 31 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिला नालंदा के शीतला माता मंदिर में पूजा के दौरान मंगलवार को मची भगदड़ में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई है। बिहार शरीफ़ के सहायक पुलिस अधीक्षक नूरुल हक़ ने बताया कि आज सुबह शीतला माता मंदिर में मची भगदड़ में कम से कम आठ महिलाओं की मौत हो गई है। पुलिसकर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं, और बचाव कार्य जारी है।
हालात से निपटने के लिए ज़िला प्रशासन ने अब मंदिर को बंद कर दिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर में भीड़ को काबू करने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम नहीं थे। नालंदा और उसके आस-पास के ज़िलों से श्रद्धालु हर मंगलवार को मगध स्थान स्थित इस मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए इकट्ठा होते हैं। उन्होंने बताया कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।
इस बीच राज्य सरकार ने पीड़ितों के परिवारों को 6 लाख की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी पीएम राहत कोष (पीएमएनआरएफ)से मृतकों के परिवारों को 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने व्यक्त की संवेदन
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारशरीफ स्थित माता शीतला देवी मंदिर में हुये भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा, यह घटना काफी दुखद है और मैं इससे मर्माहत हूं।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के आश्रितों को आपदा प्रबंधन विभाग से 04-04 लाख रुपये एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से (सीएमडीआरएफ ) 02-02 लाख रुपये (कुल 06 लाख रुपये) अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर वरीय अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गये हैं। राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुये हैं।
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा जताया शोक
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने भी हादसे पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने कहा नालंदा के मघड़ा स्थित माता शीतलाष्टमी मंदिर में हुई भगदड़ की यह अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक घटना हम सभी के लिए गहरी पीड़ा का विषय है। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में अपने प्राण गंवाने वाले श्रद्धालुओं को मैं विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। साथ ही, घायल हुए सभी भक्तों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। इस कठिन समय में राज्य सरकार और हम सभी उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।
मंत्री विजय चौधरी ने घटना को बताया दु:खद
बिहार सरकार में मंत्री और नीतीश कुमार के करीबी विजय चौधरी ने नालंदा कि घटना को अत्यंत दुःखद बताया है। उन्होंने बातचीत में कहा कि सरकार ने इस घटना को गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसकी जानकारी खुद ही लगातार ले रहे हैं। घायलों को सरकारी खर्चे पर इलाज की सुविधा दी जा रही है। घटना के बाद सरकार ने मृतकों के आश्रितों को आपदा कोष से 4-4 लाख एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख सहित कुल 6-6 लाख रुपये मुआवज़ा देने की घोषणा की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जताया शोक
नालंदा की अत्यंत दुखद घटना पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बातचीत में कहा कि यह घटना अत्यंत पीड़ादायक एवं दुर्भाग्यपूर्ण है, जिसने हम सभी को मर्माहत कर दिया है।
तेजस्वी यादव ने हादसे पर दुख जताया
तेजस्वी यादव ने अपने फेसबुक हेंडल पर लिखा, नालंदा के मघड़ा स्थित माता शीतला मंदिर में प्रशासनिक कुव्यवस्था के कारण हुई भगदड़ की हृदयविदारक घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।
तेजस्वी ने कहा, राज्य सरकार और जिला प्रशासन से आग्रह है कि घायलों के समुचित इलाज, मृतकों के परिजनों को तत्काल सहायता और घटना की उच्चस्तरीय जांच सुनिश्चित कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी