मप्रः इंदौर में मूसलाधार बारिश के दौरान नाले में बहे युवक का शव मिला, दूसरे की तलाश जारी

 


इंदौर, 02 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में बुधवार देर रात तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद उफने नदी-नालों के तेज बहाव में दो अलग-अलग स्थानों पर दो युवक बह गए। जिनमें से लसूड़िया क्षेत्र से एक युवक का शव बरामद हो गया है जबकि अहीरखेड़ी में बहे युवक की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, पहला हादसा लसूड़िया थाना क्षेत्र में घटित हुआ। पुलिस ने बताया कि लसूड़िया मोरी का रहने वाला 34 वर्षीय गोलू पंवार एक ईंट निर्माण फैक्ट्री में मजदूरी करता था। बुधवार रात करीब 9 बजे वह मूसलाधार बारिश के बीच ड्यूटी पर तैनात अपने सुरक्षाकर्मी पिता आत्माराम पंवार के लिए खाना लेकर जा रहा था। रास्ते में नाले के किनारे से गुजरते समय वह अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया और बह गया। देर रात तक जब वह घर या पिता के पास नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन रात के अंधेरे के कारण उसका कुछ पता नहीं चल सका।

गुरुवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम को रेस्क्यू के लिए उतारा गया। प्लाटून कमांडर अश्विन चौधरी के नेतृत्व में आरक्षक कपिल मठोंलिया, दिनेश धनेरा, प्रदीप मकोरिया, दिनेश मण्डलोई और शैलेन्द्र सिंह परिहार ने नाले में सघन खोजी अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम को गोलू का शव नाले के एक पुल के नीचे कचरे में फंसा हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवा दिया है।

दूसरी घटना अहीरखेड़ी क्षेत्र की है, जहां बुधवार को ही पानी के तेज बहाव को पार करने की कोशिश में एक और युवक लापता हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महेश चौहान नाम का युवक अपने दोस्त मनीष के साथ पुल के जलमग्न रपटे को पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पानी का बहाव अचानक इतना तेज हुआ कि दोनों दोस्त पैर फिसलने से बह गए। हादसे में मनीष ने जैसे-तैसे तैरकर अपनी जान बचा ली और सुरक्षित बाहर निकल आया, लेकिन महेश देखते ही देखते गहरे पानी में समा गया। पुलिस और गोताखोरों की राहत एवं बचाव टीम बुधवार रात से ही लगातार अहीरखेड़ी और उससे जुड़े जल स्रोतों में उसकी तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है, हालांकि गुरुवार दोपहर तक उसका कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत