प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर नितिन नवीन ने किया रक्तदान शिविर का उद्घाटन

 




नई दिल्ली, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु और निरंतर सफलता की कामना की।

पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि 17 सितंबर भगवान विश्वकर्मा की पूजा का दिन भी है और आधुनिक भारत के शिल्पकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी। उन्होंने प्रधानमंत्री को देश का ‘प्रधान सेवक’ बताते हुए कहा कि उनके जन्मदिन के अवसर पर भाजपा ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत कर रही है और इस दिन को ‘सेवा दिवस’ के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में भाजपा कार्यकर्ता रक्तदान अभियान शुरू कर रहे हैं। उन्होंने रक्तदान कार्यक्रम में शामिल होने को अपना सौभाग्य बताया।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में बड़ी संख्या में लोगों के जीवन में बदलाव आया है। उनके मुताबिक यह बदलाव केवल लोगों की जीवन परिस्थितियों तक सीमित नहीं है, बल्कि करोड़ों भारतीयों की सोच में भी परिवर्तन आया है। आज देशवासी ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशभर में लोग प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दे रहे हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और निरंतर सफलता की कामना करते हुए कहा कि भारत तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में बढ़ते हुए वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बना रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को हासिल करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी