भाजपा ने युवाओं को साधने की रणनीति पर की बड़ी बैठक
नई दिल्ली, 29 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश की नई युवा पीढ़ी यानी जेन-जी तक अपनी पहुंच बढ़ाने की तैयारी में जुट गयी है। पार्टी ने इस मुद्दे पर विस्तृत विचार कर आगे की कार्ययोजना बनाने के लिए शनिवार को पार्टी मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई।
सूत्रों ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अलग-अलग राज्यों से करीब 45 नेता पहुंचे। बैठक में मौजूद रहने वाले प्रमुख नेताओं में राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान, केंद्रीय युवा एवं खेल राज्यमंत्री रक्षा खडसे, गोरखपुर के सांसद रवि किशन, बांसुरी स्वराज, दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा, गुरु प्रकाश पासवान, हेमांग जोशी, योगेन्द्र चंदोलिया, राजू बिस्टा, गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी, छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, राज्यवर्धन सिंह राठौड़ समेत कई युवा नेता एवं पदाधिकारी शामिल हैं।
बैठक में देशभर के युवाओं को संगठन से जोड़ने, युवाओं को संगठन में आगे बढ़ाने, नए राजनीतिक आयामों पर विचार-विमर्श करने और भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी विस्तृत चर्चा की गई। युवाओं की बदलती सोच, उनकी पसंद-नापसंद, उनकी परेशानियों और भविष्य को लेकर उनकी उम्मीदों को समझने सहित कई प्रमुख बिंदुओं पर भी बैठक में चर्चा की गयी।
माना जा रहा है कि इस बैठक के जरिए भाजपा यह जानने की कोशिश करेगी कि आज का युवा देश और राजनीति को किस नजर से देख रहा है। भाजपा आने वाले समय में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान और कार्यक्रमों पर भी जोर दे सकती है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी