असम में भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या, चुनावी हिंसा का आरोप
चराईदेव (असम), 05 अप्रैल (हि.स.)। असम में विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही हिंसा की घटनाएं बढ़ती नजर आ रही हैं। इसी कड़ी में चराईदेव जिले से एक भयावह घटना सामने आई है, जहां एक भाजपा कार्यकर्ता की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने रविवार को बताया कि मृतक की पहचान खूदकन बोरा के रूप में हुई है, जो चुनाव प्रचार में जुटे थे। आरोप है कि जय भारत पार्टी के समर्थकों ने उन पर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार, जय भारत पार्टी के समर्थक तिलेश्वर मुर्मू पर इस हत्या को अंजाम देने का आरोप लगा है। घटना के बाद सोनारी विधानसभा क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
इस घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सोनारी के विधायक धर्मेश्वर कोंवर ने इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता को रास्ते में रोककर पीट-पीटकर हत्या अस्वीकार्य है।
क्षेत्र के लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। चुनाव के मद्देनजर कड़ी पुलिस निगरानी के बावजूद इस तरह की घटना से लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं स्थानीय लोगों ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश